अकलतरा। नगर के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। प्राचार्य गीता सिंह से पाठ्य पुस्तक वितरण की स्थिति पूछी।
प्राचार्य ने बताया कि सभी किताबें उपलब्ध हैं और छात्रों को बांटी जा रही है। विधायक ने कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों से संवाद किया। पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। छात्रों को जीवन में लक्ष्य तय करने और उस दिशा में मेहनत करने की प्रेरणा दी। विधायक को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राएं उत्साहित दिखे। राघवेन्द्र सिंह ने घोषणा की कि बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में आने वाले 10वीं और 12वीं के छात्रों को वे अपनी ओर से लैपटॉप और कंप्यूटर देंगे। उन्होंने छात्रों को पाठ्य सामग्री भी वितरित की। निरीक्षण के दौरान स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। स्कूल में पीने के पानी की समस्या को देखते हुए विधायक ने अपनी ओर से वाटर कूलर भी दिया गया। कुछ माह पहले स्कूल दौरे के दौरान उन्हें यह जानकारी मिली थी कि छात्रों को ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है। वाटर कूलर मिलने पर प्राचार्य और स्टाफ ने विधायक का आभार जताया।