नई दिल्ली। बात यह है कि एलन मस्क ने अमेरिका पार्टी की घोषणा अचानक नहीं की। उन्होंने पहले हालात का जायजा लिया। चार जुलाई को उन्होंने एक्स पर एक पोल पोस्ट कर लिखा, “क्या आप दो दलीय (कुछ लोग कहेंगे एक दलीय) प्रणाली से आजादी चाहते हैं?”इस पोस्ट पर 12 लाख से ज्यादा लोगों ने जवाब दिया। दो तिहाई बहुमत से उन्होंने ‘हां’ कहा। इसके बाद मस्क ने जवाब दिया, आप एक नई राजनीतिक पार्टी चाहते हैं और आपको यह मिल जाएगी! उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा, आज अमेरिका पार्टी आपको आपकी आजादी वापस दिलाने के लिए बनाई गई है।

मस्क ने मीम भी किया शेयर

उन्होंने एक मीम भी शेयर किया, एक दोमुंहा सांप। इसके साथ उन्होंने लिखा, “एक दलीय व्यवस्था को खत्म करो”। मस्क के बहुत से समर्थकों ने सोचा कि क्या ऐसा वह इसलिए कर रहे हैं, ताकि राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ सकें? जवाब है नहीं, कानूनी तौर पर नहीं। अमेरिकी संविधान स्पष्ट है। अनुच्छेद 2, खंड 1 कहता है कि केवल जन्मजात नागरिक ही राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ सकता है। मस्क का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। उन्होंने साफ-साफ कहा है, “मैं अपने अफ्रीकी जन्म के कारण राष्ट्रपति नहीं बन सकता”।