छत्रपति संभाजीनगर, 0७ जुलाई।
महाराष्ट्र में हिंदी को लेकर विवाद के बीच एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड़ ने शिवसेना-यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे पर रविवार को हमला बोला। गायकवाड़ ने छत्रपति संभाजी महाराज के बहुभाषाविद् होने का हवाला देते हुए गायकवाड़ ने कहा, क्या छत्रपति संभाजी महाराज मूर्ख थे कि उन्होंने 16 भाषाएं सीखी थीं। ताराबाई और जिजाबाई ने भी हिदी सहित कई भाषाएं सीखी थीं। क्या वह भी मूर्ख थीं। हमें जितनी संभव हो सके भाषाएं सीखनी चाहिए। गौरतलब है कि करीब 20 साल पहले अलग हुए दो चचेरे भाई उद्धव और राज ठाकरे ने शनिवार को मुंबई में संयुक्त रैली की थी। ठाकरे भाइयों ने देवेंद्र फडणवीस सरकार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत तीन भाषा नीति पर सरकारी प्रस्तावों को वापस लेने को अपनी सफलता करार दिया। दोनों भाइयों ने राज्य में हिंदी थोपने और मराठी को दरकिनार करने के सरकार के सभी प्रयासों का विरोध करने का संकल्प लिया। बुलढाणा से विधायक ने ठाकरे भाइयों पर हमला बोलते हुए कहा, भाषा के मुद्दे पर राजनीति करना गलत है। अगर हम आतंकवाद को रोकना चाहते हैं तो हमें उर्दू भी सीखनी चाहिए। इतिहासकारों के अनुसार, छत्रपति संभाजी महाराज विद्वान राजा थे। उन्हें संस्कृत, मराठी सहित कई भाषाओं का ज्ञान था। महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने राज्य में हिंदी भाषियों पर किए जा रहे हमले की तुलना पहलगाम आंतकी हमले से की है। उन्होंने रविवार को कहा कि आतंकियों ने पहलगाम में पर्यटकों को उनके धर्म के आधार पर निशाना बनाया, वहीं राज्य में भाषाई आधार पर लोगों पर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मराठी लोगों के सम्मान की रक्षा करेगी और गैर-मराठी बाशिंदों की भी हिफाजत करेगी। उन्होंने कहा कि मराठी हमारे लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं है। हाल में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए वीडियो में मनसे के कार्यकर्ता मुंबई के भयंदर इलाके में एक दुकानदार की पिटाई करते हुए देखे जा सकते हैं, क्योंकि उसने कथित तौर पर मराठी में बात करने से इन्कार कर दिया था।आशीष ने कहा, पहलगाम आतंकी हमले में, लोगों को गोली मारने से पहले उनका धर्म पूछा गया था। यहां लोगों पर उनकी भाषा के आधार पर हमला किया जा रहा है। यह निराशाजनक है। भाजपा नेता नितेश राणे ने मराठी में बात न करने पर निशाना बनाए जाने पर आपत्ति जताई है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता प्रताप सरनाईक ने कहा कि मराठी पर मनसे का एकाधिकार नहीं है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी, जिनमें से अधिकांश पर्यटक थे।