
कोरबा। प्रशांति वृद्धाश्रम के संचालन के 20 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि दो दशकों में नवदृष्टि समाजसेवी संस्था ने न केवल बुजुर्गों को आश्रय दिया, बल्कि उन्हें सम्मान, अपनापन और संबल भी प्रदान किया।
महापौर ने कहा कि प्रशांति वृद्धाश्रम के सेवा कार्यों को 20 वर्ष पूर्ण होते देख मन अत्यंत भावुक और श्रद्धा से भर गया। यह केवल सेवा नहीं, एक संवेदना का यज्ञ है जिसमें हर सदस्य ने श्रद्धा, समर्पण और करुणा की आहुति दी है। प्रशांति वृद्धाश्रम उन मूल्यों का प्रतीक है, जो हमें हमारी सभ्यता और संस्कृति से जोड़ते हैं जहां बुजुर्गों को बोझ नहीं, आशीर्वाद माना जाता है। महापौर ने इस अवसर पर नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के सभी कार्यकर्ताओं, सेवाभावी सदस्यों, सहयोगियों के कार्यों को सराहा और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से यह सेवा यात्रा यूं ही प्रेरणादायक बनी रहे। महापौर संजू देवी राजपूत ने वृद्धाश्रम के संचालन में यथासंभव सहयोग देते हुए भवन के मरम्मत इत्यादि कार्य को पूरा करने आश्वस्त किया। मेयर ने नगर पालिक निगम से प्रशांति वृद्धाश्रम को सालाना 51 हजार रुपए के आर्थिक सहयोग की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि नवदृष्टि समाजसेवी संस्था का सेवा कार्य सराहनीय है। यहां सम्मानपूर्ण तरीके से बुजुर्गों की सेवा हो रही है। बुजुर्गों की सेवा से बड़ा पुण्य का काम नहीं हो सकता। सभापति श्री ठाकुर ने कहा कि नगर पालिक निगम से हर प्रकार का सहयोग वृद्धाश्रम को मिलेगा। वार्ड पार्षद रामाधार पटेल, माधव जायसवाल, मयंक पाण्डेय, डा. अनिल आरोरा, कल्पना मिश्रा ने भी अपनी बात रखी। नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद सादिक शेख ने प्रशांति वृद्धाश्रम के संचालन की 20 वर्षों की यात्रा के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रशांति वृद्धाश्रम को निरंतर सहयोग प्रदान करने वाले सेवाभावी लोगों का महापौर के हाथों सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन वीणा मिस्त्री ने किया। इस दौरान प्रशांति वृद्धाश्रम के केअरटेकर वीरू यादव, एक्ट ऑफ ह्यूमैनिटी के रुहुल खान, ग्रैडीन ग्लेयर, सुर्हिद कुमार डेविड, ममता गुप्ता, सांई प्रिया, अजय जायसवाल, कृष्णा महिला समिति की कल्पना गुप्ता, डीगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी, उर्वशी यादव, शशिकला सोनी, लता यादव आदि उपस्थित रहे।