बलवान को हराया 55 मतों से
कोरबा। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के कोरबा जिलाध्यक्ष का चुनाव कल वनमंडल कार्यालय कोरबा में संपन्न हुआ, जिसमें कमलेश कुम्हार जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उनके निर्वाचन की घोषणा चुनाव अधिकारी मनोज कुमार द्वारा की गई। जिलाध्यक्ष पद के लिए कमलेश कुम्हार व बलवान कुर्रे उम्मीदवार थे। कल हुए चुनाव में कमलेश ने बलवान कुर्रे को 55 मतों के अंतर से पराजित किया। जहां कमलेश को 133 मत मिले वहीं बलवान को 78 वोट से संतोष करना पड़ा। मतदान के लिए 231 वनकर्मियों को चिन्हित किया गया था जिनमें से 211 लोगों ने मतदान किया जबकि 20 वोट डालने नहीं पहुंचे। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और शाम तक चला। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वोटों की गिनती की गई और परिणाम घोषित किए गए। संघ का चुनाव संपन्न कराने में चुनाव अधिकारी मनोज कुमार के अलावा सहायक चुनाव अधिकारी कुमारी आरती तिर्की, पर्यवेक्षक परवेन्द्र कुमार रजक व वन कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष प्रीतम पुराई ने भूमिका निभाई। उन्होंने विजय होने पर कमलेश को बधाई दी।