
भोपाल। भोपाल के शाहपुरा में चार महीने पहले नवविवाहिता डॉ. रिचा पांडे की संदिग्ध अवस्था में मौत के मामले में उनके पति अभिजीत पांडे के खिलाफ अब हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। पहले इस मामले में पुलिस ने अभिजीत पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया था, लेकिन यह स्पष्ट हुआ है कि उसने जहरीला इंजेक्शन देकर रिचा की हत्या की थी। अपर सत्र न्यायाधीश नीलू संजीव श्रंगीऋषि की अदालत ने अभिजीत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, दहेज हत्या, हत्या और दहेज के लिए प्रताडि़त करने के आरोप तय किए हैं। अब इन आरोपों पर ट्रायल होगा। मूल रूप से सतना की रहने वाली डॉ. रिचा पांडे के स्वजन लखनऊ में रहते हैं। जबलपुर से एमबीबीएस करने के बाद वह आरकेडीएफ कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत थीं। उनकी शादी दिसंबर 2024 में अभिजीत से हुई थी, जो खुद को डेंटिस्ट बताता था और एमपी नगर में क्लीनिक चला रहा था।


























