
नईदिल्ली [एजेंसी]। आज संसद के मानसून सत्र का तीसरा दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में आज भी विपक्ष हंगामा कर सकता है। इससे पहले दूसरे दिन की कार्यवाही भी हंगामे की भेंट चढ़ गई। विपक्षी दलों के सांसदों ने बिहार में चुनाव आयोग के एसआईआर पर जमकर हंगामा किया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध दूर होने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। आज तीसरे दिन की कार्यवाही में लोकसभा औ राज्यसभा में क्या कुछ होने की संभावना है। संसद के अंदर से लेकर बाहर तक सियासी संग्राम देखने को मिला। विपक्षी सदस्यों ने लोकसभा में बिहार एसआईआर का मुद्दा उठाया और जमकर हंगामा किया। नारेबाजी और हंगामे के कारण कार्यवाही नहीं चल सकी। 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद पहले दोपहर 12 बजे, फिर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। बाद में हंगामा न थमता देख दोनों सदनों के पीठासीन सभापति ने कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी। सोमवार को भी सदन कार्यवाही विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गई थी। वहीं लोकसभा में विपक्ष के हंगामे पर स्पीकर ओम बिरला नाराज हो गए। उन्होंने नारेबाजी कर रहे सांसदों को आड़े हाथों लिया और कहा, आप सडक़ का व्यवहार संसद में कर रहे हैं। ये देश देख रहा है। ओम बिरला ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, सदन में तख्तियां लेकर आने वालों पर मुझे निर्णायक कार्रवाई करनी पड़ेगी।
माननीय हो आप माननीय जैसा व्यवहार करें। संसद के मानसून सत्र में तीसरे दिन की कार्यवाही से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, संघ प्रमुख भागवत जवाहरलाल नेहरू की पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया को खारिज करते हैं। विश्वविद्यालयों में इतिहास के प्रोफेसरों की कही बातों को भी खारिज करते हैं। आरएसएस का इतिहास देश के इतिहास से अलग है।
खरगे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्य स्थगन का नोटिस दिया है। उन्होंने दिल्ली में जबरन बेदखली के कारण उपजे गंभीर मानवीय संकट पर चर्चा की मांग की है। संसद के मानसून सत्र में कामकाज से जुड़े एक सवाल पर भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, विपक्षी गठबंधन- ढ्ढहृष्ठढ्ढ्र ब्लॉक के सभी सांसद हंगामा कर रहे हैं। जनता का सारा पैसा बर्बाद हो रहा है। कोई सार्थक चर्चा नहीं हो रही है। हंगामे के लिए विपक्ष जिम्मेदार है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भाजपा सांसद ने कहा, कोई किसी को बताकर बीमार नहीं होता, मैं भी अभी अस्वस्थ हो सकता हूं। धनखड़ अस्वस्थ हैं। इस मुद्दे पर ज्यादा चर्चा नहीं होनी चाहिए।