इंदौर , २६ जुलाई ।
बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीके आई) के सदस्य आकाशदीप उर्फ बाज को किराए पर मकान देने वाले भवन स्वामी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके साथ क्रेन संचालक हरभजन सिंह को भी हिरासत में लिया है। दोनों पर जानकारी छुपाने का आरोप है।अमृतसर के चनानके निवासी 22 वर्षीय आकाशदीप उर्फ बाज को दिल्ली की स्पेशल सेल ने न्यू गायत्री नगर से गिरफ्तार किया था। बीकेआई से जुड़ा आकाशदीप बटाला में किला लाल सिंह थाने में रॉकेट लांचर से हमला कर भागा था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आकाशदीप इंदौर के निर्माणाधीन आइएसबीटी में क्रेन चलाने का काम करने लगा था। पुलिस ने क्रेन संचालक हरभजन सिंह को भी पकड़ा। मूलत: पंजाब निवासी हरभजन ने बताया कि वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आकाशदीप मिला था। हरभजन ने उसे अपने कमरे में ही रहने को कह दिया। दोनों शहर के गायत्री नगर में राम सिंह मालवीय के मकान में किराए पर रहने लगे। पुलिस ने राम सिंह को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ ने उसने बताया कि आकाशदीप व हरभजन के बारे में उसने थाने में जानकारी नहीं दी थी। पुलिस से किराएदारों का सत्यापन भी नहीं करवाया था।