
जांजगीर। नैला सिवनी में पूर्व सरपंच के बेटे अर्जुन चौहान का शव सडक़ किनारे मिला है। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान हैं। पीठ पर गहरे घाव हैं। शव औंधे मुंह पड़ा था। शरीर का अधिकांश हिस्सा पानी में डूबा था, केवल चेहरा बाहर था। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से पुलिस को हत्या की आशंका है। सिवनी निवासी महारथी चौहान गांव के पूर्व सरपंच रह चुके हैं।
उनका बेटा अर्जुन चौहान हरेली के दिन अपने दोस्तों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह गांव के लोगों ने सडक़ किनारे उसका शव देखा। सूचना नैला चौकी को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार अर्जुन का गांव के कुछ लडक़ों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद के दौरान उसकी पिटाई की गई। आशंका है कि शराब पीने-पिलाने को लेकर झगड़ा हुआ। इसी दौरान अर्जुन की हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। उसपर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। अर्जुन चौहान गांव में मकान मिस्त्री का काम करता था। वह मेहनती और मिलनसार युवक था। हरेली के दिन वह दोस्तों के साथ खुश होकर निकला था। लेकिन अगली सुबह उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की घटना की सूचना में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम को बुलाया गया। नैला पुलिस ने परिवार के लोगों से जानकारी ली व पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच जुटी है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।