
जांजगीर। ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर में कक्षा पहिली से दसवीं तक के छात्र – छात्राओं को पुस्तक वितरित किया गया। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं समग्र शिक्षा के अंतर्गत शासकीय के साथ अशासकीय विद्यालयों को भी पाठ्य पुस्तक का वितरण किया जाना है।
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम रायपुर द्वारा विद्यालय को प्राप्त कक्षा पहिली से दसवीं तक के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की किताबों का वितरण किया गया है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ.सुरेश यादव की उपस्थिति में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों को कक्षा प्रभारी के माध्यम से पुस्तकें वितरित की गईं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़,रायपुर द्वारा प्रकाशित पुस्तकों का आवरण पृष्ठ नए कलेवर और आकर्षक रंगों में विद्यार्थियों के लिए जितने लुभावने हैं उतने ही अंदर के पृष्ठों में ज्ञान का भंडार भरा हुआ है। विभिन्न पाठों के बार कोड को स्कैन कर विषय वस्तु की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। विद्यालयीन छात्र – छात्राओं ने नि :शुल्क पुस्तक प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त किया है तथा पुस्तकों को नियमित पढऩे एवं क्षतिग्रस्त नहीं करने का संकल्प लिया है।
















