
कोरबा। ग्रामीण क्षेत्र में दुकानदारी करने के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत है। ग्राहकों को परखने में देरी का मतलब खुद का नुकसान कराना है। रेलडबरी उतरदा में हुई घटना में एक महिला को एक लाख से ज्यादा की चपत लगी। यहां लुटेरा शूट-बूट में पहुंचा था। उसने महिला दुकानदार के गले से सोने की चेन छीनी और फरार हो गया।
इस घटना की तस्वीरें मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुई है जिसमें लुटेरा भागते हुए दिखाई दे रहा है। इस बारे में आसपास के लोगों को खबर की गई। बताया गया कि लुटेरे ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। खबर के अनुसार घटना के बाद वे दोनों हरदीबाजार की तरफ भाग गए। जानकारी मिली कि पाली ब्लॉक के रेलडबरी में मेनरोड पर भागबली पटेल की दुकान स्थित है। दोपहर उसकी पत्नी कुंजमती दुकान पर थी। इसी दरम्यान काला चश्मा और शूट-बूट में एक युवक पहुंचा। उसके इरादे क्या थे, महिला इससे अनजान थी। युवक ने राजश्री देने को कहा। अगले क्षण क्या होने वाला है, इससे बेफिक्र कुंजमती ने युवक के हाथ में जैसे ही राजश्री का पाउच थमाया, युवक ने उसके गले पर हाथ डालकर सोने की चेन छीनी और वहां से निकल गया। जब तक महिला चिल्लाती और आसपास के लोग सक्रिय होते, लुटेरे का एक सहयोगी वहां बाइक लेकर पहुंचा और दोनों चंपत हो गए। उन्हें हरदीबाजार की तरफ भागते हुए देखा गया। इस घटनाक्रम के वीडियो मेनरोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। घटना के बाद कुंजमती और उसके परिजन सहित आसपास के लोग हरकत में आए। उन्होंने यहां-वहां खोजबीन की और दो घंटे बाद हरदीबाजार पुलिस को अवगत कराया। इस मामले की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई गई है। बताया गया कि सोशल मीडिया ग्रुप के साथ-साथ अन्य स्तर पर घटना स्थल से भाग रहे आरोपी का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया गया है ताकि उसकी खोजबीन की जानी आसान हो सके।






















