
कृष्णा नगर में शिव महापुराण कथा का हुआ समापन
कोरबा। कोरबा के एसईसीएल क्षेत्र अंतर्गत कृष्णा नगर के चित्रगुप्त मंदिर परिसर में शिव महापुराण कथा का सात दिवसीय आयोजन पूर्ण हो गया। अंतिम दिवस हवन पूजन के साथ भंडारा में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कृष्णा नगर नागरिक संगठन की ओर से शिव महापुराण कथा का आयोजन सावन के महीने में किया गया। पंडित दशरथ नंदन द्विवेदी के द्वारा यहां भगवान महादेव की महिमा का वर्णन किया गया। विभिन्न प्रसंगों पर आकर्षक झांकियां निकाली गई जिन्होंने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। इनके माध्यम से कथा के प्रसंग को जीवंत करने की कोशिश की गई। कथा के अंतर्गत पंडित द्विवेदी ने बताया कि हर युग में राक्षसी प्रवृत्तियों के द्वारा सज्जन शक्ति को परेशान करने का काम किया गया और फिर उनको नष्ट करने के लिए दिव्य शक्तियों का अवतार हुआ। शिव महापुराण कथा में ऐसे अनेक प्रसंग है जो इस बात को रेखांकित करते हैं कि भगवान महादेव ने किस प्रकार से असुरों को समाप्त किया। कथा सप्ताह में प्रतिदिन रुद्राभिषेक भी कराया गया जिसमें क्षेत्र के नागरिकों में शामिल होकर अनुष्ठान से पुण्य प्राप्त किया। अंतिम दिवस वैदिक मित्रों के साथ हवन पूजन संपन्न कराया गया और इसके बाद भक्तों को महाप्रसाद प्राप्त हुआ।


















