स्वतंत्रता दिवस, चेहल्लुम और जन्माष्टमी को लेकर हाई अलर्ट, 59 कंपनी अतिरिक्त बल तैनात

पटना। बिहार पुलिस मुख्यालय ने 15 और 16 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, चेहल्लुम और जन्माष्टमी को लेकर सभी जिलों के डीएम-एसपी को विशेष अलर्ट जारी करते हुए चाक-चौबंद सुरक्षा-व्यवस्था रखने और असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया है। इस दौरान सात कंपनी केंद्रीय बलों समेत कुल 59 कंपनी अतिरिक्त पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें 40 कंपनी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस और 12 कंपनी डीजी रिजर्व बल शामिल हैं। केंद्रीय बलों में तीन कंपनी एसएसबी, दो कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स और दो कंपनी सीआरपीएफ की टुकड़ी लगाई गई है। इसके अलावा आठ हजार ट्रेनी पुलिसकर्मियों की सेवा भी विधि-व्यवस्था में ली जाएगी।

पुलिस मुख्यालय में सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) पंकज दराद ने बताया कि 15 अगस्त के अगले ही दिन 16 अगस्त को चेहल्लुम का पर्व है, जिसमें कई जगह ताजिया जुलूस भी निकलता है। सभी एसपी को जुलूस के रूट का भौतिक सत्यापन कर इसकी पूरी वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया गया है।

इस दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध होगा। सभी जिलों को प्रखंड स्तर पर क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन करने को कहा गया है, ताकि जरूरत के समय त्वरित कार्रवाई की जा सके। इस दौरान जिलों के साथ मुख्यालय स्तर पर भी कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव रहेगा। प्रत्येक दो-दो घंटे पर सभी जिलों से खैरियत रिपोर्ट ली जाएगी।

RO No. 13467/11