
सक्ती। जिले में बाराद्वार के जैजैपुर चौक से ग्राम ठठरी तक की सडक़ बहुत ज्यादा जर्जर हो चुकी है। इस समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव को पत्र लिखा है।
पत्र में शर्मा ने इस मार्ग की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे सडक़ पर होने वाले हादसों में कमी आएगी। आयुष शर्मा ने बताया कि बाराद्वार के जैजैपुर चौक से जैजैपुर-हसौद तक जाने वाली मुख्य सडक़ का पूर्व में निर्माण हुआ था।
वर्तमान में जैजैपुर चौक से ग्राम ठठरी तक लगभग 10 किलोमीटर लंबा हिस्सा दयनीय स्थिति में है। यह मार्ग बाराद्वार से हसौद को जोडऩे वाला एकमात्र संपर्क मार्ग है। इस मार्ग पर प्रतिदिन यात्री बसों सहित बड़ी संख्या में निजी वाहन चलते हैं।
शर्मा ने बताया कि इस सडक़ पर स्कूल बसों से आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की भी आवाजाही होती है। सडक़ की खराब स्थिति के कारण आए दिन घटनाएं हो रही हैं। जिला पंचायत सदस्य ने मंत्री से इस मार्ग की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।



























