
भोपाल, १४ अगस्त ।
भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्ट्री से बुधवार दोपहर क्लोरीन गैस के रिसाव के कारण आसपास के क्षेत्र में लगभग दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। गैस के प्रभाव से लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।आदिस इंस्डस्ट्रीज नामक फैक्ट्री में क्लोरीन की गोलियां बनाई जाती हैं। दोपहर एक बजे अचानक गैस का रिसाव हुआ। आग की आशंका के चलते अग्निशमन दस्ते ने पानी का छिडक़ाव कर दिया, जिससे विपरीत प्रभाव पड़ा और गैस का भभका तेज हो गया।मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते आसपास के दफ्तरों को खाली कराया। अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि घटना के समय क्षेत्र में बिजली गुल थी।बिजली चालू कर फैक्ट्री के एग्जास्ट फैन चलाकर धुआं बाहर निकला गया। विशेषज्ञों के अनुसार, क्लोरीन पर पानी डालने से तेज रासायनिक प्रतिक्रिया होती है, जो गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न करती है।













