
हैदराबाद। हैदराबाद में कई प्रजनन केंद्रों के साथ साठगांठ कर सात महिलाओं और एक पुरुष द्वारा चलाए जा रहे व्यावसायिक सेरोगेसी और अवैध मानव अंडाणु व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है।इसमें एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही छह अंडाणु दाताओं और सेरोगेट माताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस ने अनुसार, आरोपितों ने नि:संतान दंपतियों का आर्थिक शोषण किया है। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपितों को पकड़ा। आरोपित महिला पहले एक अंडाणु दाता और सेरोगेट मां के रूप में कार्य कर चुकी है। उसने अन्य एजेंटों, प्रजनन केंद्रों के साथ संपर्क कर महिलाओं को अंडाणु दाता या सेरोगेट माताओं के रूप में भर्ती करना शुरू किया और विभिन्न प्रजनन केंद्रों में भेजा।प्रत्येक सफल प्रक्रिया के लिए उसने राशि प्राप्त की। उसने वित्तीय रूप से कमजोर महिलाओं को अपना निशाना बनाया। उन्हें अंडाणु दान करने या सेरोगेट बनने के लिए मनाया और अपने निवास पर रखा। अस्पतालों से अतिरिक्त रखरखाव शुल्क भी वसूल किया। उसका बेटा अवैध व्यवसाय चलाने में उसकी सहायता करता था। इसमें शामिल दाताओं और सेरोगेट माताओं को यह पता था कि व्यावसायिक सेरोगेसी कानून द्वारा प्रतिबंधित है, लेकिन वे आर्थिक लाभ के लिए इसका हिस्सा बने रहे।













