बंगाल में मुस्लिम बहुल जिलों में मतदाता बनने की होड़, बांग्लादेशी सीमा से सटे ज्यादातर इलाके; चुनाव आयोग सतर्क

कोलकाता। बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की सुगबुगाहट के बीच राज्य के मुस्लिम बहुल उत्तर व दक्षिण 24 परगना, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, कूचबिहार व उत्तर दिनाजपुर जिलों में मतदाता बनने के लिए होड़ मच गई है। ये सभी जिले बांग्लादेश की सीमा से सटे हैं। इसे देखते हुए चुनाव आयोग बेहद सतर्क है।

बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि पिछले तीन माह के दौरान इन जिलों में मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए आवेदन करने वालों की संख्या नौ गुना तक बढ़ गई है। इन जिलों में प्रत्येक विधानसभा (विस) क्षेत्र में मासिक पंजीकरण औसतन 100 के आसपास रहता था, जो असामान्य रूप से बढ़कर लगभग 900 हो गया है। मालूम हो कि बंगाल में मुख्य विपक्ष दल भाजपा इन जिलों में असामान्य रूप से जनसांख्यिकी बदलाव का आरोप लगाती आई है। जानकारों का कहना है कि जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उन्हें ‘अवैध नागरिक’ व ‘घुसपैठिया’ करार दिए जाने का भय सताने लगा है।

इस कारण नए आवेदकों के साथ वे लोग भी तत्पर हुए हैं, जिन्होंने इतने वर्षों तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने को जहमत नहीं उठाई। आयोग को आशंका है कि प्रामाणिक आवेदकों के बीच फर्जी भी मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की कोशिश कर सकते हैं।

RO No. 13467/11