मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान में भारतीय समुदाय से की मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान प्रवास के दौरान वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की प्रगति, विकास की संभावनाओं और राज्य सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से अधोसंरचना, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों से अवगत कराया और राज्य को एक मजबूत औद्योगिक एवं निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने हेतु प्रतिबद्ध है। भारतीय समुदाय ने भी छत्तीसगढ़ को जापान के व्यवसायों से जोड़ने में गहरी रुचि दिखाई और राज्य के विकास में सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उनकी ऊर्जा और उत्साह ने मुख्यमंत्री को विशेष रूप से प्रभावित किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रवासी भारतीयों का अनुभव और वैश्विक दृष्टिकोण छत्तीसगढ़ को नई दिशा देने में सहायक होगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों और त्वरित कार्यप्रणाली के साथ निवेशकों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। प्रदेश के विकास के प्रति मुख्यमंत्री का समर्पण भारतीय समुदाय के बीच सराहा गया। उन्होंने सभी को छत्तीसगढ़ आने और राज्य की प्रगति की साझेदारी करने का आमंत्रण भी दिया।

RO No. 13467/11