नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में लगातार वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की नदियों से आ रहे पानी के कारण पंजाब में भी कई जिलों में बाढ़ आ गई है। हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में कई जगहों पर वर्षा के कारण हो रहे भूस्खलन से महत्वपूर्ण मार्ग बंद हैं।

इन राज्यों में वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उधर हिमाचल में प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा पर गए पंजाब के तीन श्रद्धालुओं की आक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई। हिमाचल में मौसम विभाग के अलर्ट के बाद चंबा प्रशासन ने फिलहाल मणिमहेश यात्रा स्थगित कर दी है। मणिमहेश यात्रा में हड़सर से लकर डल तक करीब 800 श्रद्धालु फंसे हुए हैं।

हिमाचल में बंद रहेंगे स्कूल

कांगड़ा जिले में पौंग बांध का जलस्तर बढ़ गया है। बिलासपुर-स्वारघाट के पास चंडीगढ़-मनाली एनएच पर छडोल में भूस्खलन की चपेट में दो वाहन आए। भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए चंबा, कांगड़ा, मंडी और ऊना जिलों में मंगलवार को भी सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

सोमवार को शिंकुला दर्रे, बारालाचा, खरदूंगला व रोहतांग में हिमपात हुआ है। मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया है। बिलासपुर जिले में सोमवार को कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर जगातखाना में चंडीगढ़ से मनाली की ओर जा रही लग्जरी बस पर पत्थर गिरे, जिससे चार यात्रियों को चोटें आई हैं।