
जांजगीर। भारतीय जनता पार्टी के अजा प्रकोष्ठ के प्रमुख डॉ. सनम जांगड़े का प्रथम आगमन जांजगीर जिले के पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ससहा में हुआ।
यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। इसके बाद नगर मंडल जांजगीर के नेतृत्व में कचहरी चौक पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पश्चात भाजपा जिला कार्यालय में साल, श्रीफल और माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं ने उनका सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष का यह दौरा जिले के लिए गौरव की बात है। अनुसूचित जाति समाज से आने वाले डॉ. जांगड़े के नेतृत्व में पार्टी को मजबूती मिलेगी और समाज का विश्वास भाजपा के प्रति और गहरा होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की तीनों विधानसभा सीटें आगामी चुनाव में भाजपा के पक्ष में जाएंगी।
अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला पाटले ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो अनुसूचित जाति समाज को सम्मान देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्य अतिथि डॉ. सनम जांगड़े ने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के स्नेह और उत्साह से अभिभूत हैं।




























