
नई दिल्ली 08 सितम्बर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का एक लेख साझा किया। इस लेख के जरिए उन्होंने ग्रेट निकोबार आइलैंड प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं और इसे स्थानीय आदिवासियों व पर्यावरण के लिए खतरा बताया। राहुल गांधी ने लिखा, ग्रेट निकोबार आइलैंड प्रोजेक्ट एक गलत कदम है, जो आदिवासी अधिकारों को कुचलता है और कानूनी प्रक्रियाओं की अनदेखी करता है। सोनिया गांधी ने एक समाचार पत्र में लिखे अपने संपादकीय में कहा कि यह प्रोजेक्ट दुनिया के सबसे संवेदनशील और अनोखे पारिस्थितिकी तंत्र को खतरे में डाल देगा और यहां की आदिवासी जनजातियों के अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बनेगा।
उन्होंने 72,000 करोड़ रुपये की इस परियोजना को पूरी तरह गलत खर्च बताते हुए कहा कि 2004 की सुनामी के समय जिन निकोबारी आदिवासियों को अस्थायी रूप से गांव छोडऩे पड़े थे, अब यह प्रोजेक्ट उन्हें हमेशा के लिए विस्थापित कर देगा।





























