
कोरबा । आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज कोरबा जोनांतर्गत स्थित इमलीडुग्गू स्लम बस्ती व उसके विभिन्न मोहल्लों की सकरी गलियों में पैदल भ्रमण कर निगम के साफ-सफाई कार्यो का सघन रूप से जायजा लिया, उन्होने निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप नियमित रूप से सफाई कार्य जा री रखने एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यो में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देश अधिकारियों को दिए। आयुक्त श्री पाण्डेय ने गौमाता चौक व कोरबा पुराने शहर स्थित इतवारी बाजार का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं की दुरूस्तगी के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों से कहा कि साफ-सफाई से जुड़े कार्यो में किसी प्रकार की उदासीनता न बरती जाए तथा निर्धारित मानदण्डो के अनुरूप सफाई कार्य किए जाएं, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित किया जाए।
इस मौके पर आयुक्त श्री पाण्डेय ने बस्तीवासियों से निगम के साफ-सफाई कार्यो की जानकारी ली तथा पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाईट, सडक़, नाली आदि से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की तथा निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। आयुक्त श्री पाण्डेय ने गौमाता चौक पहुंचकर वहॉं पर किए गए वृक्षारोपण कार्य के दौरान रोपित पौधों का अवलोकन किया एवं पौधों के संरक्षण व संवर्धन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस दौरान निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर विनोद शांडिल्य, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी सहित निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।















