
नई दिल्ली। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक परेशान करने वाला वीडियो सामने आया है, यहां एक स्कूल बस सड़क के गड्ढों में फंसकर पलटने से बाल-बाल बच गई। बस में सवार बच्चों को इमरजेंसी खिड़की खोलकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
12 सितंबर की सुबह, लगभग 20 बच्चों को ले जा रही एक स्कूल बस बालागेरे-पनाथुर रोड पर एक गड्ढे में फंस गई और पलटने से बच गई। बच्चों को आपातकालीन गेट से निकाला गया। हादसा बारिश के बाद हुए जलभराव और सड़क पर हुए गड्ढों में बस का पहिया फंसने से हुई। ट्रैफिक पुलिस और राहगीरों ने मिलकर बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।
शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सड़क पर गड्ढों, अधूरे नालों और बाढ़ की बार-बार शिकायतें की गई थीं। इस साल की शुरुआत में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा सड़क का निरीक्षण करने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।






























