डायलिसिस मरीजों के लिए बड़ी राहत, अब सीएचसी में मुफ्त मिलेगा आयरन और ब्लड इंजेक्शन

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित डायलिसिस यूनिट में अब किडनी मरीजों को जीवनरक्षक ब्लड और आयरन इंजेक्शन मुफ्त में उपलब्ध कराए जाएंगे। यह सुविधा डायलिसिस से जूझ रहे उन मरीजों के लिए एक बड़ी राहत है, जो अब तक महंगे दामों पर बाजार से ये इंजेक्शन खरीदने को मजबूर थे। डॉक्टरों के अनुसार, डायलिसिस पर चल रहे मरीजों की किडनी रक्त निर्माण नहीं कर पाती, जिससे शरीर में खून की कमी हो जाती है। ऐसे में सप्ताह में एक बार ब्लड और आयरन इंजेक्शन लगाना जरूरी होता है। लंबे समय से मरीज और उनके परिजन इस महंगी चिकित्सा जरूरत को पूरा करने में आर्थिक रूप से संघर्ष कर रहे थे। इस समस्या को देखते हुए डायलिसिस यूनिट की मैनेजर सोनाली सिंह और कुछ मरीजों ने डायलिसिस सेवाएं दे रही कंपनी से इस संबंध में अपील की थी। कंपनी ने मरीजों की जरूरत को गंभीरता से लेते हुए अब यह व्यवस्था शुरू कर दी है कि हर डायलिसिस मरीज को सप्ताह में एक बार आयरन और ब्लड इंजेक्शन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस नई सुविधा से उन मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी जो आर्थिक तंगी के कारण नियमित रूप से इंजेक्शन नहीं ले पा रहे थे। अब उन्हें न तो आर्थिक बोझ उठाना होगा और न ही इलाज में कोई बाधा आएगी। मरीजों और उनके परिजनों ने कंपनी के इस कदम के लिए आभार जताया है। गौरतलब है कि इस मांग को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया था, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकल पाया था। अंतत: कंपनी की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी ने मरीजों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान कर दिया।

RO No. 13467/11