
अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजन परेशान
अकलतरा । नगर के कॉलेज रोड में स्थित नगर का सबसे पुराने मुक्तिधाम दुर्दशा का शिकार होते जा रहा है। मुक्तिधाम शेड का सरिया बाहर निकलने के साथ लेटर क्षतिग्रस्त हो गया है। शवदहन के दौरान लेंटर गिरने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। मुक्तिधाम में साफ सफाई नहीं होने व गंदगी का आलम होने से अंतिम संस्कार के समय आने वाले नगर के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुक्तिधाम में पर्याप्त टीनशेड नहीं होने से गर्मी व बरसात के मौसम में लोग खुले आसमान के नीचे दाह संस्कार होने का इंतजार करते हैं।
मुक्तिधाम में कुछ वर्ष पूर्व फाउंटेन लगाने के साथ अन्य विकास कार्य करवाए गए थे, लेकिन देखरेख नहीं होने से फाउंटेन विगत कई वर्षों से बंद पड़ा होने के साथ-साथ मुक्तिधाम दुर्दशा का शिकार हो रहा है। मुक्तिधाम में स्थित हैंडपंप खराब होने के साथ-साथ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से मुक्तिधाम आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करने के साथ पीने के पानी के लिए मोहताज होना पड़ता है। मुक्तिधाम में सुविधाओं का अभाव होने के बाद भी नगर पालिका के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा सुविधाओं का विस्तार करने के लिए कोई भी पहल नहीं की जा रही है। मुक्तिधाम में शाम 5 बजे के बाद दाह संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुक्तिधाम में लाइट की व्यवस्था नहीं होने से शाम होते ही अंधेरा छा जाता है।
मुक्तिधाम में अंधेरा जाने के बाद असामाजिक तत्वों द्वारा डेरा डालने के साथ मुक्तिधाम में ही बैठकर शराब और नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है। मुक्तिधाम में सुरक्षा के लिए प्रवेश द्वार में लोहे का बड़ा गेट लगाया है, लेकिन गेट में ताला नहीं लगे होने से शाम होने के बाद असामाजिक तत्वों की भीड़ उमडऩा शुरू हो जाती है।
गेट पर नहीं लगता ताला बदमाशों ने बनाया अड्डा
मुक्तिधामों में विकास कार्यों के लिए पत्र भेजा नगर में स्थित मुक्तिधामों के विकास के लिए कार्य योजना बनाकर राशि मंजूर करने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को पत्र भेजा गया है। राशि स्वीकृत होने के बाद मुक्तिधाम में सौंदयीकरण और अन्य विकास कार्य करवाए जाएंगे। – दीप्ति सारथी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अकलतरा

























