रजत जयंती वर्ष पर आत्मानंद महाविद्यालय में हुई संगोष्ठी

कोरबा । छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय,कोरबा में गत 6 सितंबर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जाता रहा। कार्यक्रमों की इस श्रृंखला में आज छत्तीसगढ़ 50 विकास और समृद्धि के अगले 25 वर्षों का संकल्प विषय पर गरिमामय संगोष्ठी का आयोजन किया गया ।संगोष्ठी में मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. एस. के. रात्रे प्राचार्य, विशिष्ट अतिथि श्री अश्विनी चतुर्वेदी उप प्राचार्य एवं श्री कश्यप विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. डेज़ी कुजूर के द्वारा किया गया।कार्यक्रम का आरंभ अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। साथ ही समस्त अतिथियों एवं छात्र छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत गाया गया। इसके पश्चात सुश्री पूजा सिंह, सहायक प्राध्यापक, रसायन विज्ञान ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ के बहुआयामी विकास पर प्रकाश डालते हुए संगोष्ठी के मुख्य वक्ता प्राचार्य डॉ. एस. रात्रे ने विद्यार्थियों को स्वयं के स्टार्टअप और उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल और उद्योगों में विकास की अपार संभावनायें है । कोयले और बॉक्साइट जैसे खनिजों से समृद्ध कोरबा में पहले ही कई उद्योग स्थापित हुए हैं और लिथियम जैसे पदार्थ के मिलने से कोरबा के विकास की गति निश्चित ही बढ़ेगी। संगोष्ठी के विशिष्ट अतिथि श्री चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ ने पिछले 25 वर्षों में अत्यंत तीव्र गति से विकास किया है। आज हमारा प्रदेश देश के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में शिक्षित युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. डेज़ी कुजूर ने सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अपने विकास के साथ-साथ प्रदेश का विकास करें और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभायें। उन्होंने पूरे सप्ताह चलने वाले छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की । इस अवसर पर उनके द्वारा प्रस्तुत विभिन्न नवीन विचारों पर प्रसन्नता व्यक्त की। छत्तीसगढ़ 50 विकास और समृद्धि के अगले 25 वर्षों का संकल्प विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में बी.एस.सी. अंतिम वर्ष की छात्राएं पलक राठौर एवं आशी सूर्यवंशी ने अपने विचार व्यक्त किए। पिछले दिनों महाविद्यालय में छत्तीसगढ़ के रजत जयंती के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, समूह चर्चा एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के आयोजन के साथ कार्यक्रम श्रृंखला का समापन किया गया एवं विजेताओं को मुख्य अतिथियों के द्वारा प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सुश्री नुपिता सेन यादव ,अतिथि व्याख्याता, कम्प्यूटर विज्ञान के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मंच संचालन का दायित्व सुश्री सिमरन अग्रवाल,अतिथि व्याख्याता, राजनीति विज्ञान ने कुशलतापूर्वक निभाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी आशिया खान अतिथि व्याख्याता, वाणिज्य, शैलेश माहेश्वरी वाणिज्य, श्रीमति मधु यादव, अतिथि व्याख्याता, अर्थशास्त्र, सुश्री सुदीप्ता कुंडू, अतिथि व्याख्याता,भूगोल कार्यालय कर्मचारी एस.आर.निर्मलकर, आर.पी.कौशिक, श्रीमती कमला मानिकपुरी सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

RO No. 13467/11