
चांपा। आगामी दशहरा महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए चांपा में तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। बुधवार शाम को इनडोर हॉल में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें दशहरा पर्व की रूपरेखा पर गहन चर्चा हुई। इस बैठक में सभी सदस्यों ने मिलकर इस वर्ष के आयोजन को और भी आकर्षक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में यह तय किया गया कि इस बार दशहरा महोत्सव में 40 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। रावण के पुतले को विशेष तकनीक और कलात्मक ढंग से तैयार किया जा रहा है, ताकि यह सभी आयु वर्ग के दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। आयोजन समिति ने बताया कि रावण दहन के लिए एक खास थीम भी तैयार की गई है, जो दर्शकों को एक नया और यादगार अनुभव देगी। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक श्रृंखला भी होगी। इसमें छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार देवेश शर्मा अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह है।
बैठक में कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने विभिन्न पदाधिकारियों का भी गठन किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों के प्रमुख लोगों को शामिल किया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती होती, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव और आयोजन समिति के प्रमुख पुरुषोत्तम शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि चांपा में दशहरा महोत्सव केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामूहिक उत्सव का प्रतीक है।
इस परंपरा को बनाए रखने के लिए हर साल इसे भव्य रूप से आयोजित किया जाता है। इस बैठक में विनोद तिवारी, रामनारायण मोदी, सूर्यकांत साहू, राजेंद्र तिवारी, योगेश अग्रवाल, जुगल अग्रवाल, महेंद्र तिवारी, नरेंद्र शर्मा, आदित्य शर्मा, चंद्रशेखर पांडेय, सुशांत चौधरी और टीकम कंसारी जैसे प्रमुख लोग भी मौजूद रहे।

























