
मिजोरम, १३ सितम्बर ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल समेत उत्तर पूर्वी राज्यों के दौरे पर हैं। पीएम मोदी का यह दौरा 13 सितंबर से 15 सितंबर तक चलेगा। इस तीन दिवसीय दौरे में पीएम मोदी 5 राज्यों – मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार का रुख करेंगे। पीएम मोदी के दौरे का पहला पड़ाव मिजोरम है। मिजोरम पहुंचे पीएम मोदी ने राज्य को करोड़ों की नई सौगातें दी हैं। इनमें 8070 करोड़ रुपये की बैराबी सैरांग रेल लाइन भी शामिल है। इसी के साथ मिजोरम पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। पीएम मोदी ने 3 ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई है। पीएम मोदी ने मिजोरम की राजधानी आइजोल में 9000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। आइजोल बाईपास समेत थेनजोल-सियालसुक और खानकाउन-रोंगूरा में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से हम पूर्वोत्तर के विकास के लिए काम कर रहे हैं। यह क्षेत्र भारत का विकास इंजन बन रहा है। पिछले कुछ वर्षों में, पूर्वोत्तर के कई राज्य भारत के रेल मानचित्र पर आ गए हैं। पहली बार, ग्रामीण सडक़ें और राजमार्ग, मोबाइल कनेक्टिविटी और इंटरनेट कनेक्शन, बिजली, नल का पानी और एलपीजी कनेक्शन, भारत सरकार ने सभी प्रकार की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की है। मिजोरम को हवाई यात्रा के लिए उड़ान योजना का भी लाभ मिलेगा। जल्द ही यहां हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी।
इससे मिजोरम के दूरदराज के इलाकों तक पहुंच बेहतर होगी। हमारी एक्ट ईस्ट नीति और उभरते पूर्वोत्तर आर्थिक गलियारे, दोनों में मिजोरम की प्रमुख भूमिका है। कलादान मल्टीमॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट परियोजना और सैरांग-ह्मांगबुचुआ रेलवे लाइन के साथ, मिजोरम दक्षिण पूर्व एशिया के माध्यम से बंगाल की खाड़ी से भी जुड़ जाएगा।
इससे पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण पूर्व एशिया में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चाहे स्वतंत्रता आंदोलन हो या राष्ट्र निर्माण, मिज़ोरम के लोग हमेशा योगदान देने के लिए आगे आए हैं। त्याग और सेवा, साहस और करुणा, ये मूल्य मिजोरम समाज के केंद्र में हैं। आज, मिजोरम भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह राष्ट्र के लिए, विशेषकर मिजोरम के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है।






























