
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में सरकारी आर.जी. कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक आदिवासी महिला मेडिकल छात्रा की मौत संदिग्ध हालातों में हो गई।
मृतक अपने प्रेमी के साथ रहती थी
पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह रहस्यमय मौत शुक्रवार दोपहर को हुई, जब मृतका कथित तौर पर अपने मंगेतर, जो मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जूनियर डॉक्टर है, उसके साथ मालदा में रह रही थी। वह दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट की मूल निवासी हैं, जहां उनके माता-पिता रहते हैं।
मां ने मंगेतर पर लगाए आरोप
पीड़िता के माता-पिता ने शनिवार दोपहर दावा किया था कि उनकी बेटी की मौत अप्राकृतिक थी। उसकी मां ने यह भी दावा किया कि उसकी बेटी का मंगेतर उसकी मौत के लिए जिम्मेदार है, क्योंकि वह उसकी बेटी से शादी नहीं करना चाहता था, जबकि दोनों के बीच संबंध थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
मालदा के इंग्लिश बाजार पुलिस थाने के कर्मियों ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मालदा जिला पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण किसी विशेष दवा का ओवरडोज बताया गया है। लेकिन मौत के असली कारण का पता विस्तृत पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
आरोपी मंगेतर फरार
शुक्रवार दोपहर मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पीड़िता की मौत की सूचना मिलने के बाद से ही आरोपी मंगेतर फरार है। जांच अधिकारी उसकी तलाश में जुटे हैं। पीड़िता की मां द्वारा शनिवार दोपहर पुलिस और स्थानीय मीडियाकर्मियों को दिए गए बयान के अनुसार, उसका मालदा मेडिकल के उक्त जूनियर डॉक्टर के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

























