
सेवा पखवाड़ा से पहले भाजपा की कार्यशाला
कोरबा। नगर निगम के एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल ने कहा है कि भाजपा सिर्फ राजनीति के लिए नहीं बल्कि सेवा के लिए व्यापक हित में काम करती है। इसके माध्यम से व्यापक वर्ग को लाभान्वित करने में आसानी हो रही है। वे भाजपा के सेवा पखवाड़ा पर आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से शुरू किए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत कोरबा नगर मंडल में बैठक सह कार्यशाला में अग्रवाल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पौधारोपण, प्रबुद्ध वर्ग संवाद और अनेक कार्यक्रम इस कड़ी में किए जा रहे हैं। उन्होंने इस बात को भी कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रखी है। भ्रष्ट नौकरशाहों पर लगातार कार्रवाई करने का काम जारी है। विशेष बात यह रही कि इसी नीति के कारण सरकार को पारदर्शी तरीके से काम करने में आसानी हुई है। किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार के छींटे नहीं आने का मतलब है कि वे सही दिशा में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इसके माध्यम से हम बड़े वर्ग तक पहुंचेंगे। मुख्य अतिथि भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में अनेक विकास के कार्य देशहित में किए हैं। देश की आजादी के बाद पूर्वोत्तर के जिन क्षेत्रों में रेल नेटवर्क शून्य था वहां तक सुविधा पहुंचाने का काम किया गया है। लाखों लोग उससे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित हो रहे कार्यक्रमों पर भी रोशनी डाली। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा मंडल के अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने की। कार्यक्रम में डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से सेवा पखवाड़ा के गतिविधियों और भारत की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। इस दौरान मंच पर सरजू अजय एवं सुकेश दलाल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राहुल शुक्ला ने किया।















