
शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर में सब्जी उत्पादक किसानों ने अचानक धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने भारी मात्रा में टमाटर सडक़ों पर फेंक दिए और पूरा रास्ता ब्लॉक कर दिया। किसानों का यह विरोध प्रदर्शन नगर पालिका के खिलाफ था। अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए नगर पालिका ने हाट मैदान में सब्जी की दुकानें हटवा दी थीं। ऐसे में दुकानदारों ने किसानों से सब्जी नहीं खरीदी, जिसके विरोध में किसानों ने सारे टमाटर सडक़ों पर फेंक दिए। यह मामला मध्य प्रदेश के टंकी चौराहे का है। कलेक्टर बंगले के पास आज सुबह किसानों का धरना प्रदर्शन देखने को मिला। मंडी उजडऩे के बाद दुकानदारों का कहना है कि उनके पास कच्चा माल रखने की जगह नहीं बची है। ऐसे में वो किसानों से और सब्जियां नहीं खरीद सकते हैं। दुकानदार और किसान टंकी चौराहे पर पहुंचे और भारी मात्रा में टमाटर सडक़ों पर फेंक दिए। पूरी सडक़ पर टमाटर बिखरे मिले। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। किसानों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्हें समझाने का बहुत प्रयास किया गया, मगर किसान सडक़ पर खड़े रहे। किसानों का कहना है कि उन्हें उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है। प्याज और टमाटर सबकुछ सस्ते दाम पर बिक रहे हैं। सोयाबीन की हालत पहले से ही खराब है।
































