विदा होते-होते जमकर बरस रहा मानसून, यूपी में बिजली गिरने से 22 की मौत; आज इन राज्यों में बदलेगा मौसम

नई दिल्ली। चार महीने से पूरे देश को झमाझम बारिश से भिगोकर राहत देनेवाले मानसून ने अंतत: विदा ले ली। मौसम विभाग ने मानसून की विदाई की आधिकारिक घोषणा की। हालांकि, बीते कुछ दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को सोमवार को हुई झमाझम बारिश से फिर राहत मिली।

अगले 24 घंटे के दौरान इन राज्यों में होगी भारी बारिश

अगले 24 घंटे के दौरान, अंडमान-निकोबार में मध्यम से भारी बारिश बनी रह सकती है। उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, मराठवाड़ा, केरल और लक्षद्वीप में हल्की वर्षा संभव है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है, जो मानसून विदाई के दौरान एक आखिरी फुहार जैसा होगा।

उप्र में बिजली गिरने से 22 की मौत, वर्षा से फसलों को नुकसान

मानसून की वापसी से पहले सोमवार को पूर्वांचल से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार को प्रदेश के मध्य और पश्चिम हिस्से तक पहुंच गया। इस दौरान बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक 14 मौतें कानपुर व आसपास के जिलों में हुई हैं।

इसके अलावा प्रयागराज, श्रावस्ती, हाथरस, अलीगढ़, बांदा, मथुरा व फिरोजाबाद में भी वज्रपात से जानें गई हैं। संभल में एक स्कूल पर बिजली गिरने से छत के मलबे की चपेट में आकर छह विद्यार्थी घायल हो गए। वर्षा के कारण कई जिलों में बाजरा, आलू व सरसों आदि फसलों को नुकसान पहुंचा है।

RO No. 13467/11