
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा को लेकर घोषित शांति योजना की प्रति हमास के पास पहुंच गई है और वह इसकी समीक्षा कर रहा है। शांति योजना को जिस तरह का समर्थन मिला है उसके चलते हमास पर इसे मानने का दबाव बढ़ गया है।
हमास को इजरायल-अमेरिका मिलकर खत्म करेंगे
हमास के लिए हर स्थिति में खत्म हो जाने वाले हालात हैं। शांति योजना को मानेगा तो खुद को खत्म करेगा और नहीं मानेगा तो इजरायल और अमेरिका उसे मिलकर खत्म करेंगे। ट्रंप ने इस आशय के संकेत सोमवार रात वाशिंगटन में प्रेस कांन्फ्रेंस में दे दिए हैं।
ट्रंप ने कहा, हमास के पास योजना को स्वीकार करने के लिए तीन-चार दिन हैं। अगर उसने इसे स्वीकार नहीं किया तो उसका बहुत दुखद अंत होगा। यह दो वर्ष से चल रहे गाजा युद्ध की समाप्ति होगी। गाजा युद्ध के दौरान मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले कतर और मिस्त्र ने 20 बिंदुओं वाली ट्रंप की योजना की प्रति हमास के नेताओं को दे दी है।
हथियार छोड़ने की अपेक्षा को हमास ने हमेशा नकारा है
योजना में हमास से हथियार डालने और गाजा की सत्ता से हमेशा के लिए दूर होने को कहा गया है। हथियार छोड़ने की अपेक्षा को हमास ने हमेशा नकारा है। शांति योजना के सार्वजनिक होने से पहले सोमवार को दिए बयान में हमास ने स्पष्ट कर दिया था कि स्वतंत्र फलस्तीन राष्ट्र की स्थापना से पहले वह अपने हथियार नहीं छोड़ेगा।

























