लेमरू में रावण दहन की तैयारी पूरी

कोरबा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत लेमरू के ग्राम कांटाद्वारी में इस वर्ष पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों सहित जिले के नागरिकों को सादर आमंत्रण देते हुए उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। नवयुवक दशहरा उत्सव समिति एवं जय बजरंग नवयुवक समिति कांटाद्वारी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पर्व की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन में जनपद सदस्य लेमरू, ग्राम पंचायत लेमरू की सरपंच रजनी सिंह, उपसरपंच प्रकाश कुमार मंझवार तथा समस्त ग्रामवासी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस बार का आयोजन और भी आकर्षक तथा भव्य होगा। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार 2 अक्टूबर 2025 को शाम से होगा। ग्राम कांटाद्वारी स्थित खेल मैदान में रात्रि 8 बजे रावण दहन का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत रात्रि 9 बजे से रामलीला का शुभारंभ होगा।
इस अवसर पर आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। ग्राम पंचायत लेमरू की सरपंच रजनी सिंह ने समस्त ग्रामवासियों एवं जिले के नागरिकों को शारदीय नवरात्र व दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। सभी से सौहार्द, भाईचारे और उत्साहपूर्वक इस महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया।

RO No. 13467/11