
बाराद्वार। नगर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन धूमधाम से किया गया। सभी पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं की नौ दिनों तक पूरे उमंग और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद, मां जगदम्बे की प्रतिमाओं को वाहनों में आकर्षक ढंग से सजाकर विसर्जन के लिए निकाला गया।
श्रद्धालुओं ने प्रसाद बांटते हुए शोभायात्रा निकाली, जिसमें झांकियों की अगुवाई में डीजे, धुमाल, ढोल और ताशे की धुन पर भक्तगण थिरकते हुए चल रहे थे। जय माता दी के नारों के साथ शोभायात्रा ने नगर का भ्रमण किया और फिर बस स्टैंड और बिजली ऑफिस मोहल्ले में स्थित तालाब पर पहुंची। वहां श्रद्धापूर्वक मूर्ति की पूजा-अर्चना करने के बाद विसर्जन किया गया।
इस वर्ष दुर्गा जी की मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा के दौरान लाइट एंड पाइरो शो का भी आयोजन किया गया था, जो प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा, शोभायात्रा में मेरठ, दिल्ली व अन्य प्रदेशों से आए कलाकारों ने विभिन्न झांकियां भी दिखाईं, जिसे नगर के लोगों ने खूब सराहा। बुधवार को रेल्वे स्टेशन के पास सार्वजनिक दुर्गा पूजा उत्सव समिति, वार्ड नं. 5 में मां मनोकामना दुर्गा पूजा उत्सव समिति, राम मंदिर के पास श्रीराम दुर्गा पूजा उत्सव समिति एवं मारवाड़ी धर्मशाला के पास आद्य शक्ति दुर्गा उत्सव समिति द्वारा विराजित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया। अंत में, मूर्ति विसर्जन के बाद विभिन्न समितियों के द्वारा भंडारा प्रसाद का भी आयोजन किया गया था, जिसमें भक्तों ने मूंग, चावल, कढ़ी, सब्जी, पूरी एवं मीठा प्रसाद ग्रहण किया।












