जनपद पंचायत क्षेत्र में विकास के अनेक कार्यों को कराने के लिए अध्यक्ष साहू ने स्वास्थ्य मंत्री से भेंट की

कोरिया बैकुंठपुर। जनपद पंचायत बैकुंठपुर के उपाध्यक्ष प्यार साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान उपाध्यक्ष ने कहा कि बैकुंठपुर जनपद क्षेत्र के कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, जहां तक पहुंच मार्ग तक नहीं बन पाए हैं। उन्होंने कहा कि इन पहुंच विहीन गांवों में सडक़, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा के क्षेत्र में ठोस कार्यवाही की आवश्यकता है।
प्यार साहू ने मंत्री से आग्रह किया कि जनपद क्षेत्र के सभी अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पेयजल योजना और सडक़ निर्माण जैसे कार्य जारी हैं, लेकिन कई स्थानों पर तकनीकी कारणों या बजटीय सीमाओं के चलते काम अधूरा रह गया है। इन कार्यों को पुन: शुरू कर जल्द पूर्ण करने के लिए राज्य स्तर से सहयोग की आवश्यकता है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत सुझावों और मांगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत बैकुंठपुर के विकास कार्यों को सरकार की प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाएगा। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे। मंत्री जायसवाल ने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को विकास का लाभ मिले। इस दिशा में जनप्रतिनिधियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपाध्यक्ष प्यार साहू के जनहितैषी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दे वास्तव में ग्रामीण जनता की जरूरतों से जुड़े हैं। उपाध्यक्ष प्यार साहू ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद पंचायत बैकुंठपुर के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ग्रामीण अंचलों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है, और बैकुंठपुर जनपद को भी इस विकास यात्रा से जोड़ा जाएगा। निश्चित रूप से यह कहा जा सकता है कि उपाध्यक्ष प्यार साहू के प्रयासों से जनपद पंचायत बैकुंठपुर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उनका यह प्रयास न केवल जनहित में है, बल्कि स्थानीय विकास के प्रति उनकी गंभीरता को भी दर्शाता है।

RO No. 13467/11