
कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चोरी का सामान जानते हुए खरीदने वाले तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने दबोचा है। मामले में चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।भूनेश्वर सोनी, निवासी ग्राम खम्हरिया ने पुलिस को बताया था कि जुलाई महीने में अज्ञात चोरों ने उसके सोनालिका ट्रैक्टर में लगी बैटरी चोरी कर ली। उसी रात दिलीप काठले के ट्रैक्टर की बैटरी भी चोरी हो गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना हरदीबाजार में अपराध क्रमांक 175/2025 धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खम्हरिया के मनमोहन दास और हीरा सिंह श्याम ने चोरी की बैटरी अपने पास रखी है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करना स्वीकार किया तथा बताया कि चोरी की बैटरियां उन्होंने गौतम प्रसाद निर्मलकर को बेच दी हैं। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और लोहे का रॉड जब्त किया गया, वहीं तीसरे आरोपी गौतम प्रसाद निर्मलकर से चोरी की दो बैटरियां बरामद की गईं। आरोपी गौतम पर यह जानते हुए चोरी का सामान खरीदने के आरोप में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई है।






















