
कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत केंदई वनपरिक्षेत्र में कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे के किनारे वनभूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को वन विभाग की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए हटा दिया। इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार कटघोरा वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केंदई वन परिक्षेत्र में नेशनल हाईवे की तैयारी वनभूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण कर खेत, बाड़ी तथा झोपड़ी बनाया जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने रेंजर अभिषेक दुबे को तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाने का आदेश दिया। डीएफओ के आदेश पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और वहां पर किए जा रहे अतिक्रमण को सफलतापूर्वक हटा दिया। इसी प्रकार मदनपुर परिसर के कुछ स्थानों पर भी अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर क्षेत्र में गई टीम ने कार्रवाई करते हुए मुक्त कराया। इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में रेंजर दुबे के मार्गदर्शन में तथा प्रशिक्षु रेंजर मुकेश साहू की अगवाई में सीएफओ मंगल सिंह नायक, राजेश कुमार पैकरा, रणजीत सिंह कंवर, विनय कंवर, ललित रजक, पवन सिंह बिंझवार, सुभाष तथा अशोक कुमार की भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित अंजाम दिया। इनके अलावा वन प्रबंधन समिति के सदस्यों का भी सहयोग प्राप्त हुआ और वनभूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करते हुए सक्रिय भूमिका निभाई। वन विभाग द्वारा कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, कब्जा या अवैध निर्माण करने वालों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र की सुरक्षा एवं संरक्षण हेतु इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

























