
-
दो विश्व कीर्तिमान स्थापित होंगे
-
सरयू तट पर ड्रोन का प्रदर्शन
-
26 लाख दीयों का प्रज्वलन
अयोध्या। दीपोत्सव का नौवां संस्करण खास होने वाला है। इस बार दो विश्व कीर्तिमान के साथ ही ड्रोन का सबसे बड़ा शो कराने की तैयारी हो रही है। ड्रोन शो के अंतर्गत आसमान में विशिष्ट प्रदर्शन होता है, जिसमें रोशनी से सजे सैकड़ों ड्रोन संगीत के साथ समन्वय करते हुए आकाश में जटिल पैटर्न, आकृतियां और एनिमेशन का प्रदर्शन करते हैं। इसके लिए सरयू तट तैयार हो रहा है।
ड्रोन की अद्भुत आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र होगी। इस प्रदर्शन का अभ्यास मुख्य आयोजन के दो दिन पहले से शुरू हो जायेगा। पूर्वाभ्यास के बाद दीपोत्सव पर इसका करिश्माई प्रदर्शन देखने को मिलेगा। दीपोत्सव 19 अक्टूबर को होगा।
इस बार राम की पैड़ी पर 26 लाख 11 हजार 101 दीयों को प्रज्वलित करने का रिकार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट के अतिरिक्त पहली बार लक्षमण किला का घाट भी शामिल है। 33 हजार स्वयंसेवकों को तैयार किया जा रहा है। अवध विवि के नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र इन दीयों को प्रज्वलित करने की तैयारी में जुटे हैं।
सरयू घाट पर महाआरती की तैयारी की जा रही है, जिसमें 21 सौ बटुक मां सरयू की आरती करेंगे। ये दोनों ही गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में अंकित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त सरयू तट पर सबसे बड़ा ड्रोन शो होगा।
सरयू तट पर एक साथ आसमान में ड्रोन का प्रदर्शन होगा। उधर, गत वर्षो की तरह ही लेजर शो से रामायण के विभिन्न प्रसंगों का प्रदर्शन खास होगा। इसकी तैयारी पर्यटन विभाग कर रहा है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ब्रजपाल सिंह ने बताया कि 11 सौ ड्रोन शो का विशिष्ट प्रदर्शन होगा।
तीन दिन बटुक करेंगे महाआरती का पूर्वाभ्यास
अयोध्या दीपोत्सव में सरयू माता की महाआरती की जायेगी। इसमें 21 सौ बटुक शामिल होंगे। मुख्य आरती के पहले 16 अक्टूबर से 18 तक पूर्वाभ्यास किया जायेगा। दिन में ही आरती का अभ्यास बटुक करेंर्ग। सीडीओ केके सिंह ने बताया कि मुख्य आरती के पहले पूर्वाभ्यास किया जायेगा।