कोरबा। कोरबा शहर के प्रवेश मार्गो गौमाता चौक, ईमलीछापर चौक, कटघोरा रोड की बदहाली तथा शहर के भीतर सडक़ों की दुर्दशा में सुधार नहीं होने पर जिला प्रशासन और नगर प्रशासन के खिलाफ टीपी नगर चौक पर आज धरना प्रदर्शन किया गया।
एक सप्ताह पूर्व जिला कलेक्टर एवं निगम आयुक्त को पत्र देकर सडक़ों की दुर्दशा को सुधारने का निवेदन किया गया था लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, जिस पर आज लोग एकत्रित हुए और धरना दिया। 24 अक्टूबर से गड्ढा नामकरण अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शहर भर के जितने भी जर्जर सडक़ एवं गड्ढे हैं वहां जाकर दोषी अधिकारियों के सदबुद्धि के लिए पूजन कर नामकरण किया जाएगा। नगर निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने कहा है कि नागरिकों के मूलभूत सुविधा सडक, बिजली, पानी के लिए भी जनता लगातार परेशान हैं। जब निर्वाचित पार्षद अधिकारियों को समस्या बता रहे हैं तो उनकी उपेक्षा हो रही है। अधिकारी कागजी खानापूर्ति कर सरकार को गुमराह कर रहे हैं। त्यौहारी सीजन में आम आदमी सडक़ों की दुर्दशा से हलाकान हो रहा है। सडक़ों के धूल, गड्ढे के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। आम जनता सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा बता रही है लेकिन जिला प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। अब सरकार को नींद से जगाने के लिए आंदोलन करना जरूरी हो गया है।
धरना प्रदर्शन और गड्ढा नामकरण अभियान के बाद भी सडक़ों की बदहाली दूर नहीं हुआ तो चक्काजाम और अनशन किया जाएगा।