चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता के सहयोग से राज्य ने विकास और सुशासन के नये कीर्तिमान स्थापित किए हैं। ई-गवर्नेंस के माध्यम से प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और सुलभ बनाया गया है। बिना पर्ची, बिना खर्ची की नीति से युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां देकर उनके सपनों को साकार किया गया। नायब सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने के लिए कटिबद्ध हैं। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी निर्मित उत्पादों का इस्तेमाल करें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ स्थित आवास संत कबीर कुटीर पर देश की विभिन्न सेवाओं में कार्यरत हरियाणा मूल के युवा अधिकारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने देशभर में अपने परिश्रम और ईमानदारी से राज्य का नाम रोशन किया है।उन्होंने अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता, समर्पण और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल के साथ मुख्यमंत्री निवास पर दीपावली के दीये जगमग किए।मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नागरिकों को दीपावली, गोवर्धन पूजा, विश्वकर्मा दिवस और भाई दूज की शुभकामना देते हुए कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार उनके भरोसे पर खरा उतर रही है। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने नागरिकों को एकता, बंधुत्व और सद्भावना के बंधन को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश में चलाई जा रही सामाजिक योजनाओं के माध्यम से लाखों लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर पटाखों का न्यूनतम उपयोग करने की सलाह दी। प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने लोगों को हरित दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि वे स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाई गई वस्तुओं को खरीदकर ‘वोकल फार लोकल’ के पीएम मोदी के आह्वान को पूरा करें। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने हर घर में स्वदेशी निर्मित उत्पादों का उपयोग करने की सलाह दी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को सख्त चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी स्थिति में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। जो भी दुकानदार या फैक्ट्री संचालक मिलावटी सामान बेचते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने भी मिलावटखोरों को चेतावनी दी है।