
नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने आनलाइन दुनिया में महिलाओं के लिए मजबूत डिजिटल अधिकार, गोपनीयता सुरक्षा और जवाबदेही तंत्र सुनिश्चित करने के लिए भारत के साइबर कानूनों की व्यापक समीक्षा की सिफारिश की है।
कानून समीक्षा 2024 और 2025 के लिए अनुशंसात्मक रिपोर्ट में विस्तृत सिफारिशें विधि एवं न्याय, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, महिला एवं बाल विकास और गृह मंत्रालयों को भेजी गई हैं।
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि डिजिटल दुनिया ने महिलाओं के लिए सीखने, उद्यमशीलता और अभिव्यक्ति के अनंत द्वार खोले हैं, लेकिन इसने खतरे और धमकी के नए आयाम भी पैदा किए हैं।
उन्होंने कहा कि आयोग एक ऐसे डिजिटल तंत्र की कल्पना करता है, जहां कानून केवल अपराधियों को दंडित ही नहीं करे, बल्कि महिलाओं के सम्मान की रक्षा भी करे, जहां भय की जगह जागरूकता हो तथा हर महिला आत्मविश्वास, जानकारी और सुरक्षा के साथ डिजिटल दुनिया में कदम रख सके।






















