जिल्गा में शिव मंदिर की नींव रखी, लोग उत्साहित

कोरबा। कोरबा जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम जिल्गा (बरपाली) गांव के प्रथम श्रीराम मंदिर एवं भगवान भोलेनाथ मंदिर के निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। आयोजन के मौके पर हिंदू जागरण मंच के जिला कार्यकारिणी सदस्य सुरेश झा एवं मिथिलेश पांडे अतिथि थे। ग्रामीणों ने यहां संकल्प लिया कि एक आदर्श धर्म स्थल तैयार कराने के साथ नए उदाहरण दिए जाएंगे।
यह क्षेत्र हिन्दू बाहुल्य होने के बावजूद आज तक किसी मंदिर का निर्माण नहीं हुआ था। इसलिए इस मसले पर ग्रामवासी स्वयं आगे आए हैं और अपने ग्राम में भगवान श्रीराम एवं शिवशंकर का मंदिर बनाकर धार्मिक जागरण और एकता का प्रतीक स्थापित करने का संकल्प लिया है। मंदिर निर्माण की नींव रखते हुए सुरेश झा ने कहा कि हिन्दू समाज तभी संगठित रहेगा जब उसका आस्था केंद्र सशक्त होगा। जिन गांवों में मंदिर नहीं हैं, वहां धर्मांतरण की प्रवृत्ति तेज़ी से फैलती है। मंदिर न केवल पूजा का स्थल है, बल्कि वह हमारी संस्कृति, परंपरा और एकता का केंद्र है। जिल्गा में यह पहल आने वाले समय में अन्य गांवों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने आगे कहा कि हिन्दू जागरण मंच लगातार ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक जागरण का कार्य कर रहा है। इस अभियान के तहत मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी भी मंच के कार्यकर्ताओं ने स्वयं ली है।

RO No. 13467/11