
कोरबा। मानव ही एकमात्र ऐसा प्राणी है जो दूसरों से संवाद कर सकता है और अपने ठीक होने या न होने सहित अन्य भाव व्यक्त करने की क्षमता रखता है। दूसरी ओर पशु-पक्षियों को ऐसी विशेषता उपलब्ध नहीं है। वे सिर्फ हाव-भाव से ये चीजें साझा कर सकते हैं। ऐसे जीवों की सेवा के लिए कोरबा क्षेत्र में काम करने वाले कई लोग मौजूद हैं।
गौपालक संघ, छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसाइटी के अलावा कई लोग व्यक्तिगत रूप से भी मूक प्राणियों की सेवा करने को आगे है।
इसी कड़ी में कोरबा की ढोढ़ीपारा क्षेत्र की मेघा ने अपने आपको एक अनूठे मिशन में समर्पित कर दिया है। हर जीव में परमात्मा का वास है और प्रत्येक जीव परमात्मा के अंश हैं, इस अलौकिक सत्य को अपने जीवन का आधार बनाकर मेघा ने बेजुबान पशु-पक्षियों की सेवा में खुद को झोंक दिया है. उनका मानना है कि चोट लगने पर मानव को जिस प्रकार दर्द होता है, उसी प्रकार पशु-पक्षियों को भी होता है। सुबह-शाम उनकी स्कूटी जैसे ही घर से निकलती है, वह बेजुबानों की ‘ममता एक्सप्रेस’ बन जाती है। उस पर खाने की सामग्री के साथ-साथ दवाएं और मरहम-पट्टी का सामान भी होता है, जहां कहीं भी बीमार गाय, कुत्ता, बिल्ली या पक्षी दिखते हैं।




















