
बैकुंठपुर। बैकुंठपुर कोरिया जिले में असमय हुई बारिश से धान की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। खेतों में तैयार खड़ी फसल पानी में भीगकर सड़ चुकी है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है। इसी को लेकर किसान कांग्रेस बैकुंठपुर के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार राजवाड़े ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए प्रभावित किसानों को मुआवजा और ऋण माफी की मांग की है।
ज्ञापन में लिखा है कि लगातार बारिश के कारण जिले के अधिकांश किसानों की धान की फसल खेतों में ही खराब हो गई है। कई किसानों की फसल कटाई-मिंजाई से पहले ही सड़ गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अधिकांश किसान अपनी आजीविका के लिए पूरी तरह खेती पर निर्भर हैं, ऐसे में फसल की बर्बादी से उनके परिवारों के सामने जीविकोपार्जन की परेशानी बढ़ गई है। राजवाड़े ने कहा कि किसानों ने इस सीजन में खेती के लिए बीज, खाद और अन्य कृषि सामग्री खरीदी थी, जिसका भुगतान अब संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में प्रभावित किसानों के लिए ऋण माफी आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि फसल क्षति का सर्वे कर जल्द मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।























