
जांजगीर। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम नरियरा में शिक्षक और बीएलओ के घर चोरी की वारदात हुई। चोरों ने घर का ताला तोडक़र चावल, बर्तन और नकदी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना घर के पास लगे कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरियरा के शिक्षक विमलेश कुमार महिपाल 7 नवंबर की सुबह करीब 9:35 बजे बीएलओ कार्य के लिए फील्ड पर गए थे। उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। दोपहर करीब 12:55 बजे पड़ोसी नीता महिपाल ने फोन कर सूचना दी कि चार-पांच अज्ञात लोग उनके घर में घुसे हैं। विमलेश ने बड़े भाई नरेंद्र महिपाल को जानकारी दी और तुरंत घर पहुंचे।
करीब 3.15 बजे उन्होंने देखा कि चार कमरों के दरवाजों और दो अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से दो कट्टी चावल, दो कट्टी धान, कांसे के बर्तन और 60 हजार रुपए नकद समेत करीब 75 हजार रुपए का सामान ले गए। पड़ोसी प्रजीत महिपाल ने कैमरे की फुटेज चेक की, जिसमें चार लोग घर में घुसते और बोरी उठाकर जाते दिखे। फुटेज से फलेश्वर महिपाल, अवधेश महिपाल, आशिष महिपाल और धीरेन्द्र महिपाल की पहचान हुई। विमलेश ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

























