संस्कार विद्या मंदिर में लगा मेला, बच्चों ने लिया हिस्सा

हसौद। देश के प्रथम प्रधानमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर संस्कार विद्या मंदिर हसौद में बाल दिवस बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में रंगोली, निबंध प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिता और आनंद मेला सहित कई आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आनंद मेले में बच्चों ने स्वयं के हाथों से तैयार स्वादिष्ट व्यंजन और विभिन्न पकवानों के स्टॉल लगाए, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह से भाग लिया और अपनी-अपनी प्रतिभा का शानदारप्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक गतिविधियां रहीं। विद्यालय के प्राचार्य के. आर. सोनवानी ने चाचा नेहरू के संघर्ष, उनके देश निर्माण में योगदान और बच्चों के प्रति उनके स्नेहपूर्ण दृष्टिकोण के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने भी नेहरू जी के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विचार बच्चों के साथ साझा किए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पालकगण और विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित था। प्राचार्य के. आर. सोनवानी, विकास सोनवानी, युवराज कुर्रे, रंजीत बरेठ, राकेश श्रीवास, राधिका निराला, नीतू मैम, रागिनी मधुकर और ज्योति मैम सहित सभी शिक्षकों ने भूमिका निभाई।

RO No. 13467/11