
बाहरी दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने की घोषणा की। इनमें एक मौजूदा मेट्रो स्टेशन और दो निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन अब मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के नाम से जाना जाएगा। वीआईपीएस कॉलेज के पास निर्माणाधीन पीतमपुरा नॉर्थ मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर हैदरपुर मेट्रो स्टेशन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय पहचान को स्पष्ट करने और यात्रियों की सुविधा के लिए तीनों मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले गए हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को हैदरपुर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने हैदरपुर गांव पहुंचने पर रेजांगला शहीद पवित्र राज कलश यात्रा का स्वागत किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने घोषणा की कि मौजूदा पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, क्यूयू-ब्लॉक में प्रस्तावित नॉर्थ पीतमपुरा स्टेशन का नाम अब नॉर्थ पीतमपुरा-प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन होगा। प्रस्तावित पीतमपुरा नॉर्थ मेट्रो स्टेशन का नाम अब हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन होगा। गौरतलब है कि हाल ही में हैदरपुर गाँव के निवासियों ने पीतमपुरा उत्तर मेट्रो स्टेशन के नाम पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि यह मेट्रो स्टेशन हैदरपुर गाँव की ज़मीन पर बना है, इसलिए इसका नाम हैदरपुर गाँव के नाम पर रखा जाना चाहिए।




























