अपनी ही जमीन नहीं बचा पा रहा राजस्व विभाग

जनकपुर। एमसीबी जिले के भरतपुर तहसील अंतर्गत खाली शासकीय भूमियों में इन दिनों धड़ल्ले से अवैध कब्जा हो रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद अवैध कब्जाधारियों पर कार्यवाही नहीं होने से प्रतीत हो रहा है कि शायद राजस्व विभाग ही अतिक्रमणकारियों से प्रताडि़त है। पूर्व में प्रशासन द्वारा अवैध कब्जा हटाने की गयी कार्यवाही के बाद अब अतिक्रमणकारियों द्वारा उसी शासकीय भूमि पर पुन: अतिक्रमण कर लिया गया है।
भरतपुर तहसील क्षेत्र में इन दिनों धड़ल्ले सेवहो रहा अवैध कब्जा में राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत होने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि शिकायतकर्ता और ग्रामीणों की लाख कोशिशों के बाद भी राजस्व विभाग सहयोग करने को तैयार नहीं है।और तहसील क्षेत्र में सार्वजनिक उपयोग की भूमियां खुलेआम अतिक्रमण की भेंट चढ़ रही है। तहसील मुख्यालय जनकपुर नगर सहित क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक हित की शासकीय भूमि पर दबंग भूमाफियाओं द्वारा धड़ल्ले से अतिक्रमण कर मकान और दुकान का निर्माण करके अवैध रूप से आय अर्जित की जा रही है। जबकि पूर्व में ग्रामीणों के द्वारा जिला प्रशासन में बैठे जिम्मेदार राजस्व अधिकारियों व वरिष्ठ अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के संबंध में ज्ञापन शिकायत देकर अवगत कराया गया है। लेकिन राजस्व विभाग भूमाफियाओं अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध कार्यवाही नहीं की गयी है।
वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिला प्रशासन शहरी क्षेत्र में तो छोटे-छोटे अतिक्रमणों को हटाने के लिये कार्यवाही कर रहा है लेकिन वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व विभाग अपनी ही शासकीय भूमि को अतिक्रमण होने से नहीं बचा पा रहा है।

RO No. 13467/11