
जांजगीर। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों के कार्ड बनाने में आ रही दिक्कत अब समाप्त हो गई है। शासन ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि अब आयुष्मान कार्ड बनाते समय केवल आधार कार्ड में दर्ज उम्र को ही मान्य माना जाएगा। राशन कार्ड की उम्र अब इसमें नहीं देखी जाएगी। सबसे बड़ी बाधा आधार और राशन कार्ड में दी गई उम्र के अंतर की थी। कई मामलों में आधार कार्ड में आयु 53 वर्ष दर्ज थी, जबकि राशन कार्ड में वही व्यक्ति 71 वर्ष का बताया गया था। इस विसंगति के चलते 70 वर्ष से अधिक उम्र वालों के कार्ड नहीं बन पा रहे थे। आयुष्मान कार्ड बनाने के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।






















